जबलपुरमध्य प्रदेश

खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, ठाकुर चाट भंडार में मिली भारी गंदगी

घरेलू गैस सिलेंडरों से बन रही थी सामाग्री

जबलपुर,यशभारत। महात्मा गांधी वार्ड अंतर्गत दीक्षितपुरा इलाके में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठाकुर चाट भंडार के कारखाने पर छापा मारा। विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि यहां बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार की जा रही है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य अधिकारी देवेंद्र दुबे के नेतृत्व में टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कारखाने में स्वच्छता नियमों की खुली अनदेखी सामने आई। अधिकारियों ने पाया कि खुले स्थान पर चाट और अन्य खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी, जिससे आसपास गंदगी और बदबू फैल रही थी। स्थानीय लोगों ने लंबे समय से इसका विरोध करते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी।

जानकारी के अनुसार पहले राम मंदिर से जुड़े एक भूखंड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हुई थी, जिसके बाद संचालक द्वारा खुले में ही खाद्य सामग्री बनाना शुरू कर दिया गया। इससे क्षेत्र के रहवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

निरीक्षण के दौरान एक और गंभीर अनियमितता सामने आई। कारखाने में व्यावसायिक उपयोग के लिए घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो नियमों के खिलाफ है। खाद्य विभाग ने मौके पर सभी अनियमितताओं का दस्तावेजीकरण किया और मामले की रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेजने की बात कही है।

अधिकारियों के अनुसार व्यावसायिक कार्यों में घरेलू सिलेंडर का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। मामले में आगे सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button