भोपाल

स्वच्छता की रेस में भोपाल को नंबर-वन बनाने का लिया संकल्प – महापौर मालती राय ने नागरिकों और अधिवक्ताओं से किया संवाद

स्वच्छता की रेस में भोपाल को नंबर-वन बनाने का लिया संकल्प
– महापौर मालती राय ने नागरिकों और अधिवक्ताओं से किया संवाद
– सकारात्मक सिटीजन फीडबेक देकर शहर को आगे बढ़ाने की अपील
भोपाल, यश भारत ।
राजधानी भोपाल को स्वच्छता के क्षेत्र में देश का नंबर-वन शहर बनाने के लिए अब नागरिकों की भागीदारी को और मजबूत किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से महापौर मालती राय लगातार शहर के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ा रही हैं। रविवार को न्यू मार्केट में अधिवक्ताओं और नागरिकों के साथ आयोजित स्वच्छता संवाद में उन्होंने लोगों से सकारात्मक सिटीजन फीडबेक देने और अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
स्वच्छता केवल अभियान नहीं, नागरिकों की जिम्मेदारी
संवाद के दौरान महापौर ने कहा कि भोपाल अपनी प्राकृतिक सुंदरता, झीलों और स्वच्छ वातावरण के कारण देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। इस पहचान को और मजबूत करने के लिए जरूरी है कि हर नागरिक स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझे। उन्होंने कहा कि नगर निगम का अमला शहर में साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है, लेकिन इन प्रयासों को सफल बनाने में जनता की भागीदारी सबसे अहम है।
जागरूक नागरिक बनेंगे बदलाव की ताकत
महापौर ने अधिवक्ताओं और नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के जागरूक वर्ग की भूमिका हर जन अभियान में महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण के दौरान सकारात्मक सिटीजन फीडबेक शहर की रैंकिंग को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए हर नागरिक को आगे आकर इस प्रक्रिया में भाग लेना चाहिए।
मौके पर ही मोबाइल से दर्ज हुआ फीडबेक
कार्यक्रम में महापौर ने उपस्थित लोगों को सिटीजन फीडबेक के लिए निर्धारित क्यूआर कोड और लिंक उपलब्ध कराए। इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद अधिवक्ताओं और नागरिकों ने अपने मोबाइल फोन के माध्यम से तुरंत फीडबेक दर्ज कराया। लोगों ने कहा कि यदि पूरे शहर में इसी तरह जागरूकता बढ़े तो भोपाल को स्वच्छता में शीर्ष स्थान दिलाना संभव है।
मैं भी दूंगा फीडबेक, दूसरों को भी करूंगा प्रेरित
कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं सिटीजन फीडबेक देंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। महापौर मालती राय ने कहा कि जब शहर का हर नागरिक स्वच्छता के इस अभियान से जुड़ेगा, तभी भोपाल स्वच्छता की रेस में सबसे आगे पहुंचेगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ताओं, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर संस्थाओं के प्रतिनिधियों और शहर के कई गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने एक स्वर में कहा कि नागरिकों और प्रशासन के साझा प्रयासों से भोपाल को स्वच्छता में देश में नई पहचान दिलाई जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button