टीला जमालपुरा क्षेत्र में थमी चोरी-लूट की घटनाएं, नागरिकों ने की थाना प्रभारी की प्रशंसा

टीला जमालपुरा क्षेत्र में थमी चोरी-लूट की घटनाएं, नागरिकों ने की थाना प्रभारी की प्रशंसा
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कबीटपुरा क्षेत्र में पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने नागरिकों के साथ जनसंवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान क्षेत्र के निवासियों ने पुलिसिंग में आए सकारात्मक बदलावों को लेकर अपनी बात रखी। नागरिकों ने कमिश्नर को बताया कि जब से थाना प्रभारी आशुतोष उपाध्याय ने जिम्मेदारी संभाली है, क्षेत्र में अपराधों का ग्राफ तेजी से गिरा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कॉलोनी में आए दिन होने वाली चोरी और लूट की वारदातें अब पूरी तरह से बंद हो गई हैं। पुलिस की सक्रियता और नियमित गश्त के कारण आम जनता में सुरक्षा का भाव जागा है। जनसंवाद के दौरान सीपी संजय कुमार ने नागरिकों की समस्याओं को सुना और आश्वस्त किया कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने थाना प्रभारी और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए आगे भी इसी तरह मुस्तैदी से काम करने के निर्देश दिए। क्षेत्रवासियों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे संवाद से पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है।







