डीपी में भीषण आग से मचा हड़कंप, कई धमाकों से दहशत में आए लोग दो बाइक, कार और मकान को नुकसान , बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
A massive fire at the DP caused panic, and several explosions terrified residents

डीपी में भीषण आग से मचा हड़कंप, कई धमाकों से दहशत में आए लोग
दो बाइक, कार और मकान को नुकसान , बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
भोपाल यश भारत। राजधानी के छोला मंदिर थाना क्षेत्र स्थित शिव नगर में शुक्रवार रात बिजली की डीपी में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा तफरी मच गई। घटना यादव शादी हॉल के पास की बताई जा रही है। आग लगने के दौरान डीपी में लगातार कई धमाके हुए जिससे आसपास के रहवासी दहशत में आ गए। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डीपी में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि लोग घरों से बाहर निकल आए। कई घरों में लगे स्मार्ट मीटरों में भी धमाके होने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आग की चपेट में आने से दो मोटरसाइकिल एक कार और एक मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। रहवासियों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के दौरान फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग को लगातार सूचना दी गई लेकिन समय पर कोई मदद नहीं पहुंची। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा। आग की भयावह लपटों के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा। सूचना मिलते ही छोला मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने बिजली व्यवस्था की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग की है।







