बरगी हादसे के बाद सख्ती: एमपी में क्रूज संचालन पर रोक, चालक योग्यता की होगी जांच
क्रूज चालक की योग्यता को लेकर भी सवाल उठे

जबलपुर, यश भारत। बरगी बांध क्रूज हादसे के बाद पर्यटन विभाग ने प्रदेशभर में क्रूज संचालन पर रोक लगा दी है। पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कहा कि सभी क्रूज की फिटनेस जांच अनिवार्य रूप से कराई जाएगी और केवल मानकों पर खरे उतरने वाले क्रूज को ही संचालन की अनुमति मिलेगी।
हादसे के बीच क्रूज चालक की योग्यता को लेकर भी सवाल उठे हैं। सामने आई जानकारी के अनुसार चालक पहले क्लीनर के रूप में कार्य करता था और बाद में उसे संचालन की जिम्मेदारी दे दी गई। इस पर मंत्री ने कहा कि चालक की योग्यता और नियुक्ति प्रक्रिया की भी जांच की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।







