यूपी-बिहार रूट पर ट्रेनों में भारी दबाव, लंबी वेटिंग से यात्री बेहाल—तत्काल टिकट बना अंतिम सहारा

जबलपुर यशभारत। जबलपुर रेलवे स्टेशन से गुजरकर उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली ट्रेनों में इन दिनों यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है और लंबी वेटिंग लिस्ट यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही है।
उल्लेखनीय है कि यूपी-बिहार रूट पर संचालित ट्रेनों में इन दिनों जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है। अधिकांश ट्रेनों में सीटें पहले से ही फुल चल रही हैं वहीं इस रूट पर चलने वाली गाड़ियों में लंबी वेटिंग लिस्ट पहुंच रही है। ऐसे हालात में कंफर्म टिकट मिलना यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
रेलवे द्वाराअतिरिक्त कोच जोड़े जाने और स्पेशल ट्रेनों के संचालन के बावजूद भी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हो पा रहा है। गर्मी की छुट्टियां, शादी-विवाह का सीजन और रोजगार के लिए आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से ट्रेनों पर दबाव लगातार बना हुआ है।यात्रियों का कहना है कि सामान्य कोटा में टिकट मिलना लगभग असंभव हो गया है। ऐसे में तत्काल टिकट ही एकमात्र विकल्प बचता है।लेकिन उसमें भी भारी मारामारी है। तत्काल टिकट बुकिंग शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में सभी सीटें भर जा रही हैं जिससे कई यात्रियों को निराशा हाथ लग रही है।वहीं रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। जहां संभव हो रहा है वहां अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं और जरूरत के अनुसार स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इसके बावजूद मांग के मुकाबले व्यवस्थाएं कम पड़ रही हैं।रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और अग्रिम टिकट बुकिंग करें।फिलहाल, तत्काल टिकट ही यात्रियों के लिए अंतिम सहारा बना हुआ है, लेकिन इसमें भी सफलता किस्मत और तेजी पर निर्भर है।
परेशानियां जस की तस
बता दें कि रेल प्रशासन द्वारा गर्मियों के दौरान अतिरिक्त यात्री यातायात को क्लीयर करने और यात्रियों को सुगम, संरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे सभी महत्वपूर्ण स्थानों के लिए बड़ी संख्या में ट्रेनों का संचालन कर रहा बावजूद इसके यात्रियों की परेशानी जस की तस बनी हुई है।







