भोपालमध्य प्रदेश

छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला उलझा, मां ने जताई हत्या की आशंका

छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला उलझा, मां ने जताई हत्या की आशंका

– 24 दिन बाद भी एफआईआर नहीं, पुलिस कमिश्नर से लगाई न्याय की गुहार

भोपाल, यशभारत। राजधानी के अशोका गार्डन क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा ख्याति जैन की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गहराता जा रहा है। घटना को 24 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं किए जाने से नाराज मृतका की मां ने अब पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने इस मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार 11 मई को ख्याति जैन अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली थी। घटना के समय उसकी मां वर्षा जैन एक निजी स्कूल में इंटरव्यू देने के लिए सोनकच्छ गई हुई थीं। घर लौटने पर उन्हें बेटी की मौत की जानकारी मिली। तब से लेकर अब तक परिजन लगातार मामले में हत्या का संदेह जताते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

मृतका की मां का आरोप है कि घटना के समय ख्याति का मित्र करीब तीन घंटे तक घर में मौजूद था। उनका कहना है कि पुलिस ने अब तक उससे गहन पूछताछ नहीं की है। मां का दावा है कि घटना से जुड़े कई ऐसे तथ्य हैं, जिनकी गंभीरता से जांच की जानी चाहिए। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी कुछ ऐसे बिंदु सामने आए हैं, जिन्होंने मामले को और उलझा दिया है। रिपोर्ट के अनुसार ख्याति की बाईं कलाई पर कट के दो गहरे निशान पाए गए। वहीं चिकित्सकीय परीक्षण में यह भी सामने आया कि मौत से पहले लगभग 24 घंटे तक उसने भोजन नहीं किया था। शव की स्थिति से यह भी संकेत मिले कि मृत्यु को करीब एक दिन का समय बीत चुका था। इन तथ्यों ने घटना की समय-सीमा और परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच के दौरान ख्याति के इंस्टाग्राम अकाउंट से उसके मित्र को भेजा गया एक लंबा भावनात्मक संदेश भी सामने आया है। पुलिस फिलहाल इसे आत्महत्या से जुड़ा संभावित नोट मानकर जांच कर रही है। संदेश में पारिवारिक तनाव, मानसिक परेशानियों और कुछ पुराने घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए मां को जिम्मेदार बताया गया है। हालांकि वर्षा जैन ने इस संदेश की सत्यता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करती थी और चूंकि सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी तनीष के पास भी थी, इसलिए संदेश की स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए।

मृतका मूल रूप से औबेदुल्लागंज की रहने वाली थी और दो वर्ष पूर्व पढ़ाई के लिए भोपाल आई थी। परिजनों के अनुसार दोस्त भी बाद में भोपाल आकर रहने लगा था। मां का आरोप है कि घटना वाले दिन बेटी का दोस्त घर में प्रवेश करते हुए सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दे रहा है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया है कि यदि उसने ख्याति को गंभीर हालत में देखा था तो तत्काल अस्पताल ले जाने का प्रयास क्यों नहीं किया गया।

जांच की जा रही है
मामले में मर्ग केस दर्ज कर लिया गया है, सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आ रहे हैं उनका परीक्षण किया जा रहा है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
– अनुराग लाल, टीआई, अशोकागार्डन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button