लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार : नकदी व मोबाइल फोन बरामद… पढ़े पूरा सच बेहिचक

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के लखनवाड़ा थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी के साथ एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता ने दोपहर में प्रेसवार्ता लेकर बताया कि 18 अप्रैल 2026 को प्रार्थी शीतल कुमार पिता खुशामंत्री, उम्र 42 वर्ष, निवासी लिटिलपुर (थाना लखनवाड़ा) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे वह अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट की और करीब 14 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। 25 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी क्षेत्र में देखे गए हैं। इसके बाद घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने लूट की घटना कबूल कर ली। आरोपियों की पहचान देवेंद्र उर्फ देव साहू (30 वर्ष), विनय उर्फ गोलू धुर्वे (19 वर्ष) और रोहित उर्फ बंटी चक्रवर्ती (23 वर्ष), सभी निवासी थाना लखनवाड़ा क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 लाख 22 हजार रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल एवं तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 59 हजार रुपये बताई जा रही है।पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस कार्यवाही में उपनिरीक्षक कोमल टोप्पो, सहायक उपनिरीक्षक योगेन्द्र सिंह ठाकर, हरिओम मारद्वाज, प्रधान आरक्षक आत्माराम सिमोनिया, ललित मरकार,आरक्षक शिवदीप ठाकुर, मोल सूर्यदशी, ललित पाल, गगन डेहरिया, सोनू नकोड़िया, मिटिले पराडकर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।







