एनएच-30 पर घेराबंदी, दो पिस्टल और कारतूस के साथ दबोचे गए आरोपी
कटनी से जबलपुर ला रहे थे अवैध हथियार

जबलपुर,यशभारत। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिहोरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को दो पिस्टल और दो जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा एवं एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया के मार्गदर्शन में थाना सिहोरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवक अवैध हथियार लेकर कटनी से जबलपुर की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-30 स्थित मझौली ब्रिज के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान वाहन चालक मौके से स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया, जबकि वाहन से उतरे दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम निहाल केवट (21 वर्ष), निवासी रामपुर रामनगर गोरखपुर एवं गगन जायसवाल (25 वर्ष), निवासी ग्राम ककरा थाना बदेरा जिला मैहर बताए। तलाशी के दौरान निहाल के कब्जे से कमर में खोंसी हुई एक लोडेड पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। वहीं गगन के पास से भी एक पिस्टल एवं उसमें लोड एक कारतूस मिला।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें ये हथियार बाबू सिंधी निवासी घमापुर ने करीब दो-तीन माह पहले उपलब्ध कराए थे। साथ ही उन्होंने बताया कि 10 जून को अंकित सोनी निवासी अधारताल के साथ स्कॉर्पियो से कटनी स्टेशन हथियार लेने गए थे और वापस जबलपुर लौट रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और दो जिंदा कारतूस जब्त कर लिए हैं। मामले में निहाल केवट, गगन जायसवाल, बाबू सिंधी और अंकित सोनी के विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट तथा धारा 49 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।







