रेत के अवैध परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, जगुआ रोड क्षेत्र में पुलिस ने की घेराबंदी, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

कटनी, यशभारत। जिले में अवैध रेत खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बरही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रेत से भरी ट्रैक्टर.ट्रॉली जब्त की है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ संतोष डेहरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में अवैध खनन के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 25 अप्रैल को बरही पुलिस को अवैध रेत परिवहन की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा जगुआ रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर जांच की गई, जहां हरे रंग का जॉन डियर कंपनी का बिना नंबर का ट्रैक्टर ट्रॉली सहित रेत से भरा हुआ मिला। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोडक़र मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा मौके पर मौजूद गवाहों के समक्ष ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई तथा वाहन को सुरक्षित चौकी परिसर में खड़ा कराया गया है। फार चालक की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे, सहायक उप निरीक्षक दिनेश सिंह बघेल, आरक्षक राजेश रंजन एवं विवेक कुमार यादव की विशेष भूमिका रही।






