मध्य प्रदेशराज्य

भीषण गर्मी का अलर्ट: सागर में कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में पूर्ण अवकाश घोषित

 

सागर यश भारत संभागीय ब्यूरो)/ जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशानुसार, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने जिले के समस्त प्राथमिक स्कूलों में अवकाश घोषित करने का आदेश जारी किया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

जिले में गर्मी का प्रकोप इस कदर बढ़ गया है कि 22 अप्रैल 2026 को पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। मौसम विभाग की भविष्यवाणियों और आगामी दिनों में लू की संभावना को देखते हुए, छोटे बच्चों की सुरक्षा के लिए पूर्व में निर्धारित स्कूल समय (सुबह 07:30 से दोपहर 12:00 बजे) को बदलकर अब पूरी तरह छुट्टी कर दी गई है।

जारी आदेश के अनुसार, सागर जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय (निजी), केन्द्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय सहित ICSE और CBSE से संबद्ध स्कूलों में नर्सरी से लेकर कक्षा 5वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 23 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक का अवकाश रहेगा। हालांकि, कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल का समय सुबह 07:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक यथावत रहेगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भले ही बच्चों की छुट्टियाँ घोषित की गई हैं, लेकिन स्कूल के शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रहकर अपने विभागीय कार्य निपटाएंगे। इसके साथ ही, शासन द्वारा पूर्व से निर्धारित परीक्षाएं और अन्य आवश्यक शैक्षणिक कार्यक्रम अपनी पुरानी समय-सारणी के अनुसार ही आयोजित किए जाएंगे। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने सभी प्राचार्यों और प्रधानाध्यापकों को इस आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button