पेट्रोल पंप पर गाड़ी हटाने को लेकर विवाद, बदमाशों ने युवक को चाकू मारा

पेट्रोल पंप पर गाड़ी हटाने को लेकर विवाद, बदमाशों ने युवक को चाकू मारा
भोपाल, यशभारत। राजधानी के हनुमानगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह तड़के चाकूबाजी की एक वारदात सामने आई है। काजी कैंप स्थित शीबा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने आए एक युवक पर एक्टिवा सवार बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब युवक ने बदमाशों को विवाद करने से रोकते हुए अपनी गाड़ी हटाने को कहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक फाजिल सुबह करीब 4 बजे पेट्रोल भरवाने के लिए शीबा पेट्रोल पंप पहुंचा था। उसे सब्जी मंडी जाना था और देरी हो रही थी। उस समय पंप पर एक्टिवा सवार कुछ बदमाश पहले से खड़े थे और पेट्रोल डालने वाले कर्मचारी से किसी बात पर बहस कर रहे थे। फाजिल ने बीच-बचाव करते हुए बदमाशों से कहा कि भाई गाड़ी हटा लो, मंडी जाना है, देर हो रही है।
इतनी सी बात सुनते ही बदमाश भड़क गए और फाजिल के साथ गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान एक बदमाश ने एक्टिवा की डिग्गी से चाकू निकाला और फाजिल पर हमला कर दिया। चाकू फाजिल के कूल्हे पर लगा, जिससे वह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश अपनी एक्टिवा पर सवार होकर मौके से भाग निकले। हनुमानगंज पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है।







