मध्य प्रदेशराज्य

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से हिरण की मौत : भोजन और पानी की तलाश में जंगल से निकलकर खेतों की ओर आया था

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिवनी-मंडला मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक हिरण की मौत हो गई। घटना ग्राम कामता के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे हिरण को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हिरण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गर्मी के मौसम में जंगलों में पानी और भोजन की कमी के चलते वन्यप्राणी अक्सर आबादी वाले इलाकों और खेतों की ओर रुख कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि मृत हिरण भी भोजन और पानी की तलाश में जंगल से निकलकर खेतों की ओर आया था और सड़क पार कर रहा था, तभी अचानक तेज गति से आ रहे वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और इसकी सूचना तत्काल वन विभाग एवं पुलिस को दी। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन वाहनों की तेज रफ्तार के कारण ऐसे हादसे बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर गति सीमा निर्धारित करने के साथ ही चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए जाएं, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृत हिरण का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह घटना एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि जंगलों के घटते क्षेत्र और बढ़ती गर्मी के कारण वन्यजीवों का आबादी की ओर आना स्वाभाविक हो गया है, ऐसे में सड़क सुरक्षा उपायों को और मजबूत करना बेहद जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button