मध्य प्रदेशराज्य

रिजल्ट में बड़ी चूक: आर्यन की मार्कशीट पर दिव्यराज की तस्वीर, अंकों में भी गड़बड़ी, छात्र ने बोर्ड को भेजी शिकायत, नीट परीक्षा से पहले बढ़ी चिंता

सतना, यश भारत।माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में एक गंभीर तकनीकी लापरवाही सामने आई है, जिसने बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सतना जिले के करही निवासी छात्र आर्यन चतुर्वेदी की मार्कशीट में उसकी फोटो के स्थान पर किसी अन्य छात्र, दिव्यराज चौहान की तस्वीर अंकित हो गई है।

इतना ही नहीं, छात्र के अनुसार उसके अंकों में भी भारी गड़बड़ी देखने को मिली है। आर्यन का कहना है कि उसे सभी विषयों में अपेक्षा से कम अंक मिले हैं, जबकि केमिस्ट्री विषय में उसे सप्लीमेंट्री घोषित कर दिया गया है, जो उसके वास्तविक प्रदर्शन से मेल नहीं खाता।

इस त्रुटि के चलते छात्र मानसिक तनाव में है, क्योंकि आगामी 3 मई को उसकी नीट परीक्षा निर्धारित है। गलत मार्कशीट और असंतोषजनक परिणाम उसके भविष्य को प्रभावित कर सकते हैं।

पीड़ित छात्र ने इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल को ईमेल के जरिए शिकायत दर्ज कराई है और साथ ही री-टोटलिंग के लिए भी आवेदन किया है। हालांकि अब तक उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया है।

इस घटना ने बोर्ड की परीक्षा प्रणाली और तकनीकी व्यवस्थाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। छात्र ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या के समाधान की मांग की है, ताकि वह बिना किसी दबाव के अपनी आगामी परीक्षा में शामिल हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button