भोपालमध्य प्रदेश

ई-उपार्जन पोर्टल की खामियों से किसान संकट में जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा सैटेलाइट सत्यापन की त्रुटियों से हजारों किसान प्रभावित

ई-उपार्जन पोर्टल की खामियों से किसान संकट में जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा

सैटेलाइट सत्यापन की त्रुटियों से हजारों किसान प्रभावित, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

भोपाल यश भारत । मध्यप्रदेश में ई-उपार्जन पोर्टल की तकनीकी खामियों को लेकर सियासत तेज हो गई है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर किसानों की गंभीर समस्या उठाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सैटेलाइट सत्यापन में हो रही त्रुटियों के कारण प्रदेश के हजारों किसान आर्थिक संकट के कगार पर पहुंच गए हैं। पटवारी ने कहा कि वर्तमान में किसानों के साथ जो स्थिति बन रही है, वह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं बल्कि सरकार की कथित किसान हितैषी नीतियों की वास्तविकता को उजागर करती है। उन्होंने बताया कि ई-उपार्जन पोर्टल में गड़बड़ियों के चलते कई किसानों की फसल का सही सत्यापन नहीं हो पा रहा है, जिससे उन्हें उपार्जन प्रक्रिया में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन किसानों की फसल का रिकॉर्ड गलत तरीके से दर्ज हो रहा है उन्हें अपनी उपज बेचने में दिक्कत आ रही है और भुगतान में भी देरी हो रही है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस समस्या का तत्काल समाधान किया जाए और सैटेलाइट सत्यापन की प्रक्रिया को पारदर्शी व त्रुटिरहित बनाया जाए ताकि किसानों को राहत मिल सके। इस मुद्दे को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है और आने वाले दिनों में यह विषय और भी तूल पकड़ सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button