अंबेडकर जयंती पर बवाल: सीधी में रैली के दौरान हिंसा, नकाबपोशों का घर पर हमला, कई घायल
रैली के दौरान करीब 50 नकाबपोश लोग एक घर के बाहर पहुंचे

अंबेडकर जयंती पर बवाल: सीधी में रैली के दौरान हिंसा, नकाबपोशों का घर पर हमला, कई घायल
मध्य प्रदेश के सीधी जिले से डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर बड़ी हिंसा की खबर सामने आई है। अमिलिया क्षेत्र में जयंती के मौके पर निकाली जा रही रैली के दौरान अचानक हालात बिगड़ गए और तनाव हिंसा में बदल गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, रैली के दौरान करीब 50 नकाबपोश लोग एक घर के बाहर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पहले बाहर खड़ी बोलेरो वाहन में तोड़फोड़ की और फिर घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ जमकर मारपीट की।इस हमले में मनी शुक्ला (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं रमाकांत शुक्ला (80 वर्ष), अर्चना शुक्ला (40 वर्ष) और दिव्यांश शुक्ला (22 वर्ष) को भी चोटें आई हैं। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट और घर में तोड़फोड़ की गई।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया। आक्रोशित लोगों द्वारा अन्य व्यक्तियों के साथ मारपीट की खबरें भी सामने आई हैं, जिससे हालात और बिगड़ गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। अमिलिया सहित आसपास के थानों से भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है।
एहतियात के तौर पर अमिलिया बाजार बंद करा दिया गया है और इलाके में लगातार पुलिस गश्त की जा रही है। फिलहाल प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है, जबकि मामले की जांच जारी है।







