न्यू मार्केट में दोबारा शुरू होगी सराउंडिंग पार्किंग – ग्राहकों को मिलेगी राहत, ट्रैफिक जाम बढ़ने की आशंका
न्यू मार्केट में दोबारा शुरू होगी सराउंडिंग पार्किंग
– ग्राहकों को मिलेगी राहत, ट्रैफिक जाम बढ़ने की आशंका
भोपाल, यश भारत । राजधानी के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र न्यू मार्केट के बाहर जल्द ही सराउंडिंग पार्किंग फिर से शुरू की जाएगी। रंगमहल चौराहे से विशाल टेंट हाउस तक करीब दो साल से बंद पड़ी इस पार्किंग व्यवस्था को दोबारा लागू करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि व्यापारियों को अपने वाहन अभी भी मल्टीलेवल पार्किंग में ही खड़े करने होंगे।
दरअसल वर्ष 2023 में तत्कालीन कलेक्टर आशीष सिंह ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से न्यू मार्केट के आसपास सड़क किनारे संचालित सराउंडिंग पार्किंग को बंद करा दिया था। उस समय तर्क दिया गया था कि बाजार क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ के कारण आम लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है और सड़क पर वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति बनती है।
लेकिन व्यापारियों का कहना है कि पार्किंग बंद होने के बाद ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर त्योहारों के समय रोजाना 25 से 30 हजार लोग खरीदारी के लिए न्यू मार्केट पहुंचते हैं। ऐसे में दोपहिया वाहन खड़े करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती। इस समस्या को लेकर न्यू मार्केट व्यापारी संघ ने बैठक कर दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी को स्थिति से अवगत कराया था। विधायक की पहल के बाद महापौर मालती राय से चर्चा कर सराउंडिंग पार्किंग दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया गया।
मल्टीलेवल पार्किंग में सीमित क्षमता
न्यू मार्केट स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में एक समय में लगभग एक हजार दोपहिया वाहन ही खड़े हो सकते हैं। जबकि त्योहारों और छुट्टियों के दिनों में दो से तीन हजार दोपहिया वाहन बाजार क्षेत्र में पहुंच जाते हैं। ऐसे में पार्किंग की कमी के कारण लोगों को इधर-उधर वाहन खड़े करने पड़ते हैं, जिससे परेशानी बढ़ती है।
ट्रैफिक व्यवस्था पर पड़ सकता है असर
हालांकि सराउंडिंग पार्किंग शुरू होने से ग्राहकों को सुविधा मिलेगी, लेकिन इससे न्यू मार्केट के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है। सड़क किनारे वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति बन सकती है और चार पहिया वाहनों को मल्टीलेवल पार्किंग तक पहुंचने में दिक्कत हो सकती है।
विधायक भगवानदास सबनानी का कहना है कि व्यापारियों और ग्राहकों की मांग को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था शुरू की जा रही है, ताकि बाजार आने वाले लोगों को वाहन खड़े करने के लिए पर्याप्त स्थान मिल सके।







