भोपालमध्य प्रदेश

शराब पार्टी में टोकने पर बीटेक छात्रों को मारी गोली

शराब पार्टी में टोकने पर बीटेक छात्रों को मारी गोली

आरोपियों ने देशी पिस्टल से चलाईं तीन राउंड गोलियां, दो छात्र गंभीर रूप से घायल; आरोपी फरार

भोपाल, यश भारत। राजधानी के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित सेज सनसिटी फेज-1 कॉलोनी में  उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मामूली विवाद में एक छात्र ने दूसरे छात्रों पर फायरिंग कर दी। शराब पार्टी के दौरान हो रहे शोर-शराबे को रोकने पहुंचे बीटेक और बीबीए के छात्रों पर आरोपियों ने देशी पिस्टल से हमला कर दिया। घटना में दो छात्र गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घायल छात्र वासु गुप्ता (23) और अंशु तेज पाटिल (21) सेज यूनिवर्सिटी के छात्र हैं। वे कटारा हिल्स स्थित सनसिटी कॉलोनी में रहते हैं। रविवार को रायसेन रोड स्थित एलएनसीटी कॉलेज का छात्र सुधांशु सिंह अपने कुछ साथियों के साथ कॉलोनी में शराब पार्टी कर रहा था। आरोपी देर रात तक तेज आवाज में अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे, जिससे आसपास के छात्रों को परेशानी हो रही थी।

देशी पिस्टल से किए तीन फायर

जब वासु और अंशु अपने साथियों के साथ सुधांशु को समझाने पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि सुधांशु ने पास रखी देशी पिस्टल निकाल ली। आरोपी ने पहले एक हवाई फायर किया और उसके बाद सीधे छात्रों पर दो राउंड गोलियां चला दीं। एक गोली वासु के कंधे को छूकर निकल गई, जबकि दूसरी गोली अंशु के पेट में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, पेट में गोली लगने के कारण अंशु की स्थिति गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मुख्य आरोपी सुधांशु सिंह और उसके तीन अन्य साथियों के खिलाफ हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button