देश में लगातार बढ़ रही महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं, ज्यादातर मामलों में दोषी सत्तापक्ष से जुड़े लोग, कार्रवाई करने से क्यों कतरा रही सरकार, महिला कांग्रेस ने पत्रकारवार्ता में लगाया आरोप

कटनी, यश भारत। प्रदेश में महिलाओं पर होने वाले अत्याचार को लेकर महिला कांग्रेस द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके बावजूद केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। सरकार का यह रवैया दर्शाता है कि महिलाओं के प्रति सरकार सजग नहीं है। उत्तरप्रदेश में कुलदीप सेंगर का मामला ज्वलंत उदाहरण है, जिसमे भारतीय जनता पार्टी द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय में महिला कांग्रेस द्वारा पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा ने कहा कि पिछले दिनों महिलाओं पर होने वाले अत्याचार के विरोध में प्रदर्शन किया गया था। देश में बलात्कार के मामलों की संख्या बढ़ती जा रही है। ज्यादातर मामलों में सरकार से जुड़े लोग हो आरोपी है। महिला कांग्रेस की मांग है कि ऐसे लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मांग की है कि संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं पर महिलाओं के साथ शोषण के आरोप हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध आज तक कार्रवाई नहीं किया जाने से महिलाएं न्याय के लिए भटक रही है। महिला कांग्रेस की मांग है कि तत्काल ऐसे व्यक्तियों को सत्ता से बाहर करते हुए उनके खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई की जाए। पत्रकारवार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला, माधुरी जैन, सुमन रजक, मंजू निषाद, लता खरे, सहित अन्य महिलाओं की उपस्थिति रही।







