राजाभोज विमानतल पर नवीन आगमन हॉल और डिजी यात्रा का शुभारंभ

राजाभोज विमानतल पर नवीन आगमन हॉल और डिजी यात्रा का शुभारंभ
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने राजकोट से किया वर्चुअली लोकार्पण
महापौर मालती राय और विधायक रामेश्वर शर्मा रहे मौजूद
भोपाल, यशभारत। राजधानी के राजाभोज विमानतल पर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा के क्षेत्र में रविवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री राममोहन नायडू ने राजकोट से वर्चुअली माध्यम से विमानतल के नवीन आगमन हॉल अत्याधुनिक फायर स्टेशन और बहुप्रतीक्षित डिजी यात्रा सुविधा का भव्य लोकार्पण किया।
स्थानीय स्तर पर भव्य आयोजन
विमानतल परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर श्रीमती मालती राय और विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान महापौर ने नवीन आगमन हॉल का फीता काटकर उसे यात्रियों के लिए समर्पित किया। कार्यक्रम में विमानतल निदेशक श्री रामजी अवस्थी सहित नागरिक उड्डयन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
यात्रियों को मिलेगा डिजिटल अनुभव
लोकार्पण के साथ ही भोपाल अब उन चुनिंदा शहरों में शामिल हो गया है जहाँ ‘डिजी यात्रा’ की सुविधा उपलब्ध है। इस तकनीक के माध्यम से यात्रियों को अब लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी। चेहरे की पहचान के जरिए पेपरलेस और कॉन्टैक्टलेस एंट्री सुनिश्चित होगी, जिससे बोर्डिंग प्रक्रिया में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा।
आधुनिक फायर स्टेशन से बढ़ेगी सुरक्षा
सुरक्षा की दृष्टि से विमानतल पर नए फायर स्टेशन का निर्माण किया गया है, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है। यह स्टेशन आपातकालीन स्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। वहीं, नया आगमन हॉल पहले की तुलना में अधिक विस्तृत और आधुनिक सुख-सुविधाओं से लैस है, जो बढ़ते यात्री दबाव को संभालने में सक्षम होगा।
इनका कहना है..
भोपाल का राजाभोज विमानतल अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं की ओर बढ़ रहा है। ‘डिजी यात्रा’ और नए आगमन हॉल से न केवल यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि उनका सफर और भी सुखद होगा।
मालती राय, महापौर, भोपाल







