जबलपुरमध्य प्रदेश

सनसनीखेज मर्डर: बाइक सवार युवक को घेरकर चाकुओं से गोदकर उतारा मौत के घाट

गढ़ा थाना क्षेत्र में हुई वारदात

जबलपुर | गढ़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात हुई इस सनसनीखेज हत्या की वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात बाइक सवार युवक मेडिकल क्षेत्र की ओर जा रहा था, तभी मदन महल चौराहे से कुछ दूरी पर स्थित शुभम हॉस्पिटल के पास पहले से घात लगाए बैठे कुछ बाइक सवार बदमाशों ने उसे बीच सड़क पर रोक लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों की संख्या 2 से 4 के बीच बताई जा रही है, जिन्होंने युवक को घेरते हुए पहले उसके साथ जमकर मारपीट की और फिर अचानक चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान युवक के सीने के पास गहरा वार किया गया, जिससे वह बुरी तरह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और कुछ ही क्षणों में खून से लथपथ हो गया।

घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद बड़ी तेजी से बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए, जिससे पुलिस को शुरुआती तौर पर कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया। मृतक की पहचान सिद्धबाबा निवासी ऋषभ राजपूत उम्र 16 वर्ष के रूप में हुई है। 

घटना की सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया, वहीं आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

प्रारंभिक जांच में यह भी संभावना जताई जा रही है कि घटना आपसी रंजिश या किसी पुराने विवाद का परिणाम हो सकती है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button