सिविल लाइन में चलती ब्रेजा कार में लगी आग, पुलिस की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती ब्रेजा कार में अचानक आग लग गई। समय रहते पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना से बचाव हो सका।
अचानक भड़की आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
घटना शाम करीब 5:15 बजे की है, जब डुमना की ओर से आ रही ब्रेजा कार (क्रमांक MP 20 ZJ 0374) में अचानक आग लग गई। कार चालक आरिफ खान, निवासी अवस्थी अपार्टमेंट सिविल लाइन, ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत वाहन को सुभाष चंद्र बनर्जी मार्ग पर सड़क किनारे रोका और सुरक्षित बाहर निकल गए।
पुलिस ने दिखाई तत्परता, तुरंत पाया काबू
इसी दौरान मौके से गुजर रहे पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के साथ मौजूद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए स्थिति संभाली। आरक्षक शिवा राज, सौरभ तिवारी, दीपक कनौजिया, मुकेश परिहार एवं पवन तिवारी ने तत्काल फायर एक्सटिंग्विशर का उपयोग कर आग पर काबू पा लिया।
एसपी ने की सराहना
पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय ने पुलिस बल की तत्परता, कर्तव्यनिष्ठा और संकट प्रबंधन क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि—
“पुलिस का प्राथमिक दायित्व आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, और इस तरह की त्वरित कार्रवाई उसी प्रतिबद्धता का परिचायक है।”
बड़ी घटना टली
समय रहते आग बुझा लेने से न केवल वाहन में फैलने वाली आग रोकी गई, बल्कि आसपास के क्षेत्र में भी संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।







