आंध्र प्रदेश में ट्रक और बस की भिड़ंत, हादसे में 10 लोगों की जिंदा जलकर मौत

आंध्र प्रदेश में ट्रक और बस की भिड़ंत, हादसे में 10 लोगों की जिंदा जलकर मौत
मार्कपुरम , एजेंसी। आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम ज़िले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. रायवरम के पास लकड़ी की खदानों के नजदीक एक निजी ट्रैवल बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते वह आग का गोला बन गई. इस भयावह हादसे में अब तक 10 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो चुकी है. मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बचाव की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल पाया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया. आग पर काबू पाने के बाद घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. हालांकि, हादसे के वक्त बस में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. पुलिस का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
तेज रफ्तार की वजह से हुआ हादसा
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ. बताया जा रहा है कि एक ट्रक ने बस को सामने से जोरदार टक्कर मारी, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई. हादसे के तुरंत बाद बस में इतनी तेजी से आग लगी कि बस के अंदर बैठे यात्रियों को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया. अब तक इस भीषण दुर्घटना में 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. वहीं, कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के अनुसार, घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.







