शहडोल। जिले के बुढ़ार जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिरवा में बिजली विभाग के राजस्व वसूली टीम के साथ बड़ी वारदात सामने आई है। प्राप्त जानकारी अनुसार, बीते सोमवार को राजस्व वसूली के दौरान ड्यूटी पर तैनात कनिष्ठ अभियंता (जेई) विकास गोन्दुडे की खड़ी विभागीय बोलेरो वाहन को एक नशेड़ी कार चालक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस वक्त वह स्वयं उस वाहन में थे, गनीमत रही कि, वह बाल-बाल बच गए। पुलिस ने शिकायत बाद दो आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है और उनकी तलाश में जुट गई है। खबर लिखे जाने तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
सरेआम दी गई धमकी
बताया गया कि, जब विभागीय टीम बकाया राशि की वसूली कर रही थी। उसी समय आरोपी पवन यादव ने अपनी कार क्रमांक एमपी18 सी 6225 से सरकारी वाहन को ठोकर मारी और मौके से फरार हो गया। उक्त वाहन चालक का जब टीम पीछा कर रही थी तो, आरोपी का साथी नितिन रजक ने लाठी निकालकर कर्मचारियों को दबंगई के साथ सरेआम यह धमकी दी कि, यदि कोई दोबारा ‘बिरुहुली’ क्षेत्र में काम करने आया, तो वह उनके ऊपर गाड़ी चढ़ा देगा। सरकारी कर्मचारियों पर हमले और शासकीय कार्य में बाधा डालने के इस गंभीर मामले को देखते हुए अमलाई पुलिस ने तुरंत मामला कायम कर विवेचना में लिया है।
इन धाराओं के तहत मामला कायम
मामले के आरोपियों के विरुद्ध पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संगीन धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। जिसमें धारा 281, लापरवाही से वाहन चलाना। धारा 132, सरकारी काम में बाधा डालना और अधिकारी पर हमला। धारा 351(3), जान से मारने की धमकी देना। धारा 324(4), सरकारी संपत्ति (वाहन) को नुकसान पहुंचाना आदि शामिल है। इस मामले को लेकर जेई का कहना है कि, ऐसी घटनाओं से फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों का मनोबल गिरता है। वहीं पुलिस का कहना है, जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
Back to top button