जबलपुरमध्य प्रदेश

माढोताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 15 बाइक जब्त

जबलपुर से 12 और रायपुर (छत्तीसगढ़) से 3 वाहन चोरी किए थे

जबलपुर,यशभारत। माढोताल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत के 15 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपियों ने जबलपुर से 12 और रायपुर (छत्तीसगढ़) से 3 वाहन चोरी किए थे। पुलिस के अनुसार उमेश देव पांडेय ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 मार्च को उन्होंने अपनी हीरो पैशन प्रो बाइक अपोलो हॉस्पिटल के पास खड़ी की थी, जो अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता और नगर पुलिस अधीक्षक भगत सिंह गोठरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने पाटन बायपास से संदेही राकेश श्रीवास (48) निवासी राजीव गांधी नगर माढोताल को चोरी की बाइक के साथ पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथी राजेश साहू (30) का नाम बताया, जो वाहन मैकेनिक है और चोरी की गाड़ियों के पार्ट्स निकालकर अन्य वाहनों में लगा देता था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पाटन बायपास और उनकी दुकान से 15 चोरी के दोपहिया वाहन तथा कुछ खुले पार्ट्स बरामद किए। जांच में सामने आया कि इन वाहनों से जुड़े मामले माढोताल, लार्डगंज, ग्वारीघाट और रायपुर (छत्तीसगढ़) थानों में दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अन्य चोरी के वाहनों के संबंध में भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button