नापतौल विभाग को साइनाइड गैस सिलेंडर से उड़ाने की धमकी, दहशत में कर्मचारी

नापतौल विभाग को साइनाइड गैस सिलेंडर से उड़ाने की धमकी, दहशत में कर्मचारी
ईमेल के जरिए दी गई दोपहर 1 बजे धमाके की चेतावनी, मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड तैनात
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल के नापतौल विभाग कार्यालय में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विभाग को एक अज्ञात ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल में दावा किया गया कि कार्यालय परिसर में 16 साइनाइड गैस सिलेंडर रखे गए हैं, जो दोपहर ठीक 1 बजे फट जाएंगे। इस सनसनीखेज धमकी के बाद पूरे प्रशासनिक अमले में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया।
दफ्तर खाली कराया, इलाके की घेराबंदी
धमकी भरा मेल मिलते ही विभाग के आला अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। एहतियात के तौर पर कार्यालय के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को तुरंत बिल्डिंग से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आवाजाही रोक दी गई है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता (BDDS) पहुंच चुका है। चिनार पार्क और नर्मदा भवन के समीप स्थित इस कार्यालय के कोने-कोने की तलाशी ली जा रही है। साइनाइड गैस का जिक्र होने के कारण स्वास्थ्य विभाग और दमकल विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है, क्योंकि साइनाइड एक अत्यंत जहरीली गैस है।
साइबर सेल खंगाल रही है मेल की कुंडली
पुलिस की साइबर टीम उस ईमेल एड्रेस की जांच कर रही है जिससे यह धमकी भेजी गई है। शुरुआती जांच में यह किसी की शरारत (Hoax Call) भी हो सकती है, लेकिन पुलिस कोई जोखिम नहीं लेना चाहती।







