“क्या पुतिन ने दी शरण? मोजतबा खामेनेई के मॉस्को पहुंचने की खबर से मचा हड़कंप”
डोनाल्ड ट्रंप ने भी मोजतबा खामेनेई की स्थिति पर सवाल उठाए

ईरान,एजेंसी। ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच जारी तनाव के बीच ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर एक बड़ा दावा सामने आया है। कुवैती अखबार अल जरीदा की रिपोर्ट के मुताबिक मोजतबा खामेनेई को स्वास्थ्य और सुरक्षा कारणों से एक बेहद गुप्त अभियान के तहत रूस ले जाया गया है। हालांकि इस खबर की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि मोजतबा खामेनेई को रूसी सैन्य विमान के जरिए मॉस्को पहुंचाया गया, जहां उनका ऑपरेशन किया गया और फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि हालिया हमलों के बीच तेहरान में उनका इलाज संभव नहीं था, इसलिए उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाने का फैसला किया गया।
सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया गया है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने खुद ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजेश्कियन से बातचीत के दौरान उन्हें रूस में शरण देने का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर मोजतबा खामेनेई को मॉस्को स्थानांतरित किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक उन्हें राष्ट्रपति भवन में स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी सर्जरी सफल रही है।
हालांकि दूसरी ओर ईरानी अधिकारियों का कहना है कि मोजतबा खामेनेई सुरक्षित हैं और उनका इलाज जारी है। इससे पहले कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि हालिया हमलों में उन्हें चोटें आई थीं, लेकिन ईरान ने इन खबरों का खंडन किया था।
इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी मोजतबा खामेनेई की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि उन्हें यह भी नहीं पता कि मोजतबा खामेनेई जिंदा हैं या नहीं। ट्रंप ने कहा कि अगर वह जीवित हैं तो उन्हें अपने देश के हित में समझदारी दिखाते हुए आत्मसमर्पण कर देना चाहिए।
मौजूदा हालात में अगर यह दावा सही साबित होता है तो यह घटनाक्रम मध्य पूर्व की राजनीति और मौजूदा युद्ध की दिशा पर बड़ा असर डाल सकता है।







