भोपालमध्य प्रदेश

स्मार्ट सिटी रोड पर हुई 55 लाख की लूट के दो मुख्य आरोपी मुंबई से गिरफ्तार

स्मार्ट सिटी रोड पर हुई 55 लाख की लूट के दो मुख्य आरोपी मुंबई से गिरफ्तार

भोपाल, यशभारत। राजधानी के पॉश इलाके श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट सिटी रोड पर रंगपंचमी की रात हुई सनसनीखेज लूटकांड की गुत्थी को भोपाल पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस की एक विशेष टीम ने फिल्मी अंदाज में पीछा करते हुए मामले के दो मुख्य आरोपियों, शान और हैदर को मुंबई से धर दबोचा है। बदमाशों ने दो व्यापारी भाइयों से चाकू की नोक पर 55 लाख रुपये नकद लूट लिए थे।

रंगपंचमी की रात दी थी वारदात को अंजाम
घटना उस समय की है जब पूरा शहर रंगपंचमी के उल्लास में डूबा था। स्मार्ट सिटी रोड के सन्नाटे का फायदा उठाते हुए 6 नकाबपोश बदमाशों ने दो व्यापारी भाइयों को घेरा। बदमाशों ने व्यापारियों की आंखों में खौफ पैदा करने के लिए चाकू अड़ा दिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि यह रकम व्यापारियों ने एक प्रॉपर्टी सौदे के लिए एकत्रित की थी।

सीसीटीवी और तकनीकी सर्विलांस से मिली कामयाबी
वारदात की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने स्मार्ट सिटी रोड और श्यामला हिल्स क्षेत्र के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने भोपाल निवासी शान और हैदर की पहचान की। जैसे ही पुलिस को उनकी लोकेशन मुंबई में होने की भनक लगी, तत्काल एक विशेष टीम महाराष्ट्र रवाना की गई और स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि इस पूरी साजिश में कुल 6 बदमाश शामिल थे। शान और हैदर ने ही पूरी प्लानिंग की थी। पुलिस अब गिरोह के अन्य 4 सदस्यों की तलाश में शहर के अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस आज शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है, जिसमें लूटी गई रकम की बरामदगी और फरार आरोपियों के बारे में अहम जानकारी दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button