कुख्यात लल्लू रईस के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बेटा इमरान घायल

कुख्यात लल्लू रईस के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बेटा इमरान घायल
भोपाल, यश भारत।राजधानी के अशोका गार्डन इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शहर के कुख्यात बदमाश लल्लू रईस के घर पर आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने हमला बोल दिया। हमलावरों ने घर के बाहर खड़े होकर करीब 8 से 10 राउंड फायरिंग की, जिसमें लल्लू रईस के बेटे इमरान को गोली लग गई। घायल इमरान को आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दहशत का माहौल, 10 राउंड चले फायर
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने लल्लू रईस के घर को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका थर्रा उठा और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुराने बदमाशों पर लगा आरोप
पुलिस के शुरुआती जांच में इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। घायल पक्ष की ओर से शहर के नामी बदमाशों शादाब गेट, शाबर मौलाना, गुड्डू स्टेशन और अल्लू परवेज पर फायरिंग करने के आरोप लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि इन गुटों के बीच लंबे समय से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी है और आरोपियों की तलाश में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।







