भोपाल नगर निगम दफ्तर में लोकायुक्त का छापा

भोपाल नगर निगम दफ्तर में लोकायुक्त का छापा
सर्वर रूम कब्जे में लेकर शुरू की जांच
यश भारत भोपाल। राजधानी भोपाल में आर्थिक अनियमितताओं के मामले में लोकायुक्त की टीम ने नगर निगम कार्यालय में छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त अधिकारियों ने नगर निगम के सर्वर रूम को अपने कब्जे में लेकर वहां से डाटा खंगालना शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार नगर निगम में फर्जी बिल बनाकर करोड़ों रुपये के घोटाले की शिकायत के बाद लोकायुक्त की टीम ने यह कार्रवाई की है। जांच के दौरान अधिकारियों ने सर्वर रूम को सील करते हुए उससे संबंधित डिजिटल रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि कर्मचारियों द्वारा फर्जी बिल तैयार कर भुगतान कराने के जरिए करोड़ों रुपये की आर्थिक अनियमितता की गई है। इसी मामले में लोकायुक्त की टीम लगातार दस्तावेजों और कंप्यूटर डाटा की पड़ताल कर रही है। लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि सर्वर रूम से डाटा रिकवर किया जा रहा है और उससे जुड़े सभी रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। जांच के बाद पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा सकती है। इधर आईएसबीटी स्थित नगर निगम के कार्यालय में भी लोकायुक्त की टीम ने दबिश दी है। दोनों स्थानों पर एक साथ चल रही इस कार्रवाई से नगर निगम महकमे में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।







