भोपाल में गैस जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त

भोपाल में गैस जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त
हॉस्पिटल, स्कूल समेत आवश्यक सेवाओं को ही छूट,
बड़े तालाब से अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी
यश भारत भोपाल। राजधानी भोपाल में गैस की संभावित जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। भोपाल कलेक्टर विक्रम कौशलेंद्र सिंहने संबंधित विभागों को इस संबंध में विशेष निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शहर में कहीं भी गैस की जमाखोरी या कालाबाजारी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। प्रशासन ने हॉस्पिटल, स्कूल और अन्य अत्यावश्यक सेवाओं को ही गैस उपयोग की छूट दी है, जबकि अन्य कमर्शियल संस्थानों से वैकल्पिक संसाधनों का उपयोग करने की अपील की गई है। इसी दौरान कलेक्टर ने शहर के प्रमुख जल स्रोत बड़े तालाब में हो रहे अतिक्रमण को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बड़े तालाब का सर्वे पूरा हो चुका है और प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
कलेक्टर ने कहा कि तालाब क्षेत्र में चाहे छोटा अतिक्रमण हो या बड़ा, सभी को हटाया जाएगा और इस अभियान को पूरी तरह अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। प्रशासन की टीमें बड़े तालाब क्षेत्र में लगातार कार्रवाई कर रही हैं। शादी ब्याह और कन्वेंशन सेंटरों में गैस उपयोग को लेकर कलेक्टर ने कहा कि फिलहाल सिर्फ आवश्यक सेवाओं को ही गैस उपयोग की अनुमति दी गई है। अन्य आयोजनों और कमर्शियल गतिविधियों के लिए वैकल्पिक स्रोत अपनाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए निगरानी तंत्र को और मजबूत किया गया है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






