टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर खिलाड़ियों पर पैसों की बारिश, BCCI ने 131 करोड़ के इनाम का किया ऐलान
राशि टीम के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के बीच बांटी जाएगी

नई दिल्ली। टी20 विश्व कप में शानदार जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम पर इनामों की बारिश हो गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने विश्व विजेता टीम के लिए 131 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड इनामी राशि देने की घोषणा की है। बोर्ड ने बताया कि यह राशि टीम के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के बीच बांटी जाएगी।
बीसीसीआई के अनुसार इस इनामी राशि का लाभ पूरे स्क्वॉड को मिलेगा। टीम में शामिल 15 खिलाड़ियों के साथ-साथ कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ को भी इसमें हिस्सा दिया जाएगा। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ओर से भी टीम इंडिया को करीब 3 मिलियन डॉलर यानी लगभग 27.48 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिली है।

बोर्ड ने पिछले टी20 विश्व कप की तुलना में इस बार इनामी राशि बढ़ाई है। वर्ष 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत के खिताब जीतने पर 125 करोड़ रुपये का कैश प्राइज दिया गया था। इस बार इसमें 6 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जो भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी इनामी राशि मानी जा रही है।
टीम इंडिया ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतकर नया इतिहास रचा है। फाइनल मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत दर्ज की और खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत टी20 विश्व कप तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गई है।







