खजूरी कला के पीरिया मोहल्ले में गंदे पानी ने बढ़ाई लोगों क़ी परेशानी

खजूरी कला के पीरिया मोहल्ले में गंदे पानी ने बढ़ाई लोगों क़ी परेशानी
– दो माह से 1500 परिवार गन्दा पानी पीने क़ो मजबूर
भोपाल, यश भारत । राजधानी के खजूरी कला स्थित पीरिया मोहल्ला में पिछले दो महीनों से गंदे पानी की समस्या ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। यहां करीब 1500 से अधिक घरों में नलों से मटमैला और बदबूदार पानी आ रहा है। हालत यह है कि पानी में कीड़े निकलने से लोगों में दहशत का माहौल है और हजारों परिवारों को पीने के पानी के लिए बाजार से कैन खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है।
रहवासियों के अनुसार नलों से आने वाले पानी में न केवल गंदगी है बल्कि उसमें से नाली जैसे पानी की तेज बदबू भी आती है। कई घरों में पानी के साथ कीड़े निकल रहे हैं, जिससे लोगों को बीमारी फैलने का डर सता रहा है। लोगों का कहना है कि यह समस्या करीब दो महीने से लगातार बनी हुई है और अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि नलों से आने वाला पानी पीने या घरेलू उपयोग के लायक नहीं है। ऐसे में उन्हें पीने के लिए बाहर से पानी की कैन खरीदनी पड़ रही है। कई बार संबंधित विभाग को शिकायत भी की गई, लेकिन हर बार कुछ दिन के लिए स्थिति सुधरती है और फिर से वही समस्या शुरू हो जाती है।
रहवासियों के मुताबिक जोन-15 में करीब दो महीने पहले नर्मदा पाइपलाइन बदली गई थी। उस समय उम्मीद थी कि पाइपलाइन बदलने से पानी की गुणवत्ता सुधरेगी, लेकिन इसके बाद भी हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ। कई घरों में अब भी गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है। लगातार गंदा पानी आने से खासकर बच्चों के बीमार होने का खतरा भी बना हुआ है।
लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद अधिकारी केवल आश्वासन देते हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता। क्षेत्र के रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द साफ पानी की व्यवस्था नहीं की गई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इधर जलकार्य विभाग के सहायक यंत्री अमन सिंह का कहना है कि खजूरी कला क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान खुदाई के समय पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी।






