भोपालमध्य प्रदेश

रास्ता रोकने के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला

रास्ता रोकने के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला

भोपाल,यशभारत। राजधानी के पॉश इलाके अरेरा कॉलोनी (ई-6) में सरेराह हुई चाकूबाजी की वारदात को हबीबगंज पुलिस ने महज़ 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से वारदात में इस्तेमाल छुरियां बरामद कर ली हैं।
मिली जानकारी के अनुसार फरियादी सूरज सिंह राजपूत ने पुलिस को बताया कि 4 मार्च की शाम करीब 6:30 बजे वह अपने दोस्तों सुमित और रोहित (अमन) के साथ 11 नंबर से 10 नंबर स्टॉप की ओर फालूदा पीने जा रहे थे। रास्ते में कुछ युवकों ने पूरी सड़क घेर रखी थी। जब रोहित ने उन्हें रास्ता छोड़ने को कहा, तो विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते आरोपियों ने चाकू निकाल लिए और रोहित के सीने, कान और गर्दन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में रोहित लहूलुहान होकर बेहोश हो गया, जिसे गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया है।

थाना प्रभारी संजीव कुमार चौकसे ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, जिसमें आरोपियों का हुलिया साफ नजर आया। हुलिए के आधार पर घेराबंदी कर पुलिस ने करन खामकर (23), कृष खण्डारे (21) और हर्ष गवले (19) को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button