राजस्व वसूली ने पकड़ी रफ्तार, नए वित्तीय वर्ष के पहले बड़े बकायेदारों पर होगी कुर्की की कार्यवाही, निगमायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

कटनी, यशभारत। वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति में अब मात्र 25 दिन शेष रह गए हैं। होली के पर्व के बाद नगर पालिक निगम कटनी ने बकाया राजस्व संग्रहण के लिए अपनी कमर कस ली है। शुक्रवार को निगमायुक्त तपस्या परिहार ने राजस्व विभाग की मैदानी प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लक्ष्य अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने के लिए अभियान में तेजी लाएं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि बार-बार नोटिस के बावजूद कर जमा न करने वाले बड़े बकायेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कुर्की और नल विच्छेदन (कनेक्शन काटने) की कार्यवाही तत्काल प्रस्तावित की जाए।
बड़े बकायेदारों की सूची तैयार, घर-घर पहुंचेगी टीम
समीक्षा बैठक के दौरान निगमायुक्त ने 25 हजार से 1 लाख रुपये तक के बकायेदारों की वार्डवार सूची का अवलोकन किया। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि फील्ड में तैनात टीमें प्रतिदिन बकायेदारों से जीवंत संपर्क करें। जलकर की कम वसूली पर उन्होंने निर्देश दिए कि संपत्तिकर और जलकर की टीमें संयुक्त रूप से पीओएस (POS) मशीन लेकर निकलें, ताकि नागरिकों को एक ही स्थान पर डिजिटल भुगतान की सुविधा मिल सके।
रिक्त दुकानों के आवंटन और किराया वसूली से बढ़ेगा राजस्व
राजस्व के अन्य स्रोतों पर चर्चा करते हुए निगमायुक्त ने संपदा और बाजार शाखा को निर्देशित किया कि निगम की रिक्त पड़ी दुकानों का शीघ्र आवंटन किया जाए। साथ ही, लंबित किराया वसूली और ट्रांसपोर्ट नगर के विकास कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया गया, ताकि निगम की आय में वृद्धि हो सके।
शनिवार को अवकाश के दिन भी लगेंगे शिविर
राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए शनिवार (7 मार्च) को अवकाश के दिन भी विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
स्थान 1: द्वारका सिटी के पास, पंडित भोजनालय के सामने।
स्थान 2: जय हिंद चौक।
इन शिविरों के अतिरिक्त निगम मुख्यालय और जोन कार्यालय के कैश काउंटर भी खुले रहेंगे। शुक्रवार को भी झिंझरी और खिरहनी क्षेत्र में आयोजित शिविरों का नागरिकों ने लाभ उठाया। नगर निगम प्रशासन ने शहर के प्रबुद्ध नागरिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे समय पर अपने बकाया करों का भुगतान कर शहर के विकास में सहभागी बनें। अंतिम दिनों में भारी भीड़ और कुर्की जैसी अप्रिय कार्यवाही से बचने के लिए स्वेच्छा से कर जमा करना ही हितकर होगा।
बैठक में ये रहे उपस्थित:
समीक्षा बैठक में राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, उप राजस्व अधिकारी सागर नायक, राजस्व निरीक्षक मुकेश राजपूत, प्रकाश पाण्डेय, विनोद सिंह चौहान, राजकुमार प्यासी, लवकुश तिवारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।








