वेतन नहीं मिलने पर सफाई कर्मियों का अनोखा प्रदर्शन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में फैलाया कचरा, अधिकारियों ने दिया जल्द समस्या का समाधान

कटनी/पवई, यशभारत। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई में सोमवार शाम उस समय अव्यवस्था की स्थिति बन गई, जब सफाई कर्मियों ने दो माह से वेतन लंबित होने के विरोध में अस्पताल परिसर में कचरा फैला दिया। अचानक फैली गंदगी से अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों तथा ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार अस्पताल में कार्यरत सफाई कर्मियों ने आरोप लगाया कि ठेका कंपनी स्काई बुल द्वारा पिछले दो महीनों से उनका वेतन नहीं दिया गया है। कर्मियों का कहना है कि होली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के पहले भी भुगतान नहीं किया गया, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कई कर्मचारियों ने बताया कि बार-बार मांग करने के बावजूद कंपनी की ओर से केवल आश्वासन दिया जा रहा है लेकिन वेतन भुगतान की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। सफाईकर्मियों ने विरोध स्वरूप अस्पताल परिसर में एकत्र कचरे को विभिन्न स्थानों पर फैला दिया। इससे ओपीडी, वार्ड और मुख्य प्रवेश द्वार के आसपास गंदगी फैल गई। मरीजों और उनके परिजनों ने इस स्थिति पर नाराजगी जताई और कहा कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर इस प्रकार की घटना से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। अस्पताल प्रबंधन ने संबंधित ठेका कंपनी से संपर्क कर शीघ्र वेतन भुगतान कराने का आश्वासन दिया है। इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और शीघ्र समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।







