रेलवे में बढ़ेगा हिंदी का प्रयोग, भोपाल मंडल में राजभाषा कार्यों की हुई समीक्षा
Use of Hindi to increase in Railways; official language activities reviewed in Bhopal Division.

रेलवे में बढ़ेगा हिंदी का प्रयोग, भोपाल मंडल में राजभाषा कार्यों की हुई समीक्षा
भोपाल, यश भारत । पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रभावी उपयोग को लेकर शुक्रवार को मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग, पत्राचार और विभिन्न विभागों में राजभाषा संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को हिंदी के अधिकाधिक उपयोग के निर्देश दिए गए। मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने कहा कि भोपाल मंडल हिंदी भाषी क्षेत्र में आता है और यहां अधिकांश रेल यात्री भी हिंदी भाषी हैं। ऐसे में कार्यालयीन कामकाज और यात्रियों से संवाद में हिंदी का अधिक उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राजभाषा अधिनियम के प्रावधानों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी आवश्यक दस्तावेज हिंदी अथवा द्विभाषी रूप में जारी किए जाएं। बैठक में राजभाषा कार्यशालाओं, हिंदी पखवाड़ा, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और निरीक्षण के दौरान राजभाषा संबंधी बिंदुओं को शामिल करने पर भी जोर दिया गया।







