घर लौट रहे बीएससी नर्सिंग छात्र की सड़क हादसे में मौत; तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, चालक फरार

घर लौट रहे बीएससी नर्सिंग छात्र की सड़क हादसे में मौत; तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, चालक फरार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बैरागढ़ इलाके में शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में 24 वर्षीय नर्सिंग छात्र की जान चली गई। सड़क पार कर रहे छात्र को एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई। गंभीर रूप से घायल छात्र ने शनिवार तड़के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आकाशदीप (24), निवासी भैंसाखेड़ी के रूप में हुई है। वह एक निजी कॉलेज से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार रात करीब 12 बजे वह अपना निजी काम निपटाकर घर लौट रहा था। चंचल चौराहा के पास, जहां वर्तमान में निर्माण कार्य चल रहा है, सड़क पार करते समय एक अनियंत्रित कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत घायल आकाशदीप को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन शनिवार तड़के उसकी मृत्यु हो गई। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। जवान बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
बैरागढ़ पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर तेजी से फरार हो गया। चूंकि चंचल चौराहा पर निर्माण कार्य के कारण कुछ कट पॉइंट बनाए गए हैं, पुलिस आसपास की दुकानों और चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि कार के नंबर का पता लगाया जा सके।







