विदेश

पाकिस्तान और अफगानिस्तान में ‘ओपन वॉर’ का ऐलान, दोनों सेनाओं ने संभाली मोर्चेबंदी

19 चौकियों पर किया कब्जा, 55 सैनिकों को मार गिराया

पाकिस्तान | पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच डुरंड लाइन पर एक बार फिर हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने हैं और सीमा क्षेत्र में लगातार जवाबी कार्रवाई जारी है। बीती 22 फरवरी को हुए पाकिस्तानी हमले के बाद अफगान फोर्सेज ने रात में जवाबी हमला किया, जिसके बाद सुबह पाकिस्तान ने ‘गजब लिल हक’ नाम से ऑपरेशन चलाते हुए काउंटर अटैक किया। बताया जा रहा है कि इस हवाई कार्रवाई के दौरान एक पाकिस्तानी एयरक्राफ्ट भी मार गिराया गया।

‘ओपन वॉर’ का ऐलान

आसिफ अली जरदारी ने अफगानिस्तान की कार्रवाई को पाकिस्तान की संप्रभुता पर सीधा हमला बताया है। वहीं ख्वाजा आसिफ ने अफगान तालिबान के खिलाफ ‘ओपन वॉर’ का ऐलान कर दिया है। पाकिस्तान सरकार का कहना है कि देश की एकता और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

डुरंड लाइन को लेकर दोनों देशों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। साथ ही तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) की गतिविधियों को लेकर भी इस्लामाबाद और काबुल के बीच तनाव बना हुआ है। 22 फरवरी को इस्लामाबाद में हुए आतंकी हमले के पीछे अफगान सरजमीं से साजिश रचे जाने का आरोप लगाते हुए पाकिस्तान ने पहले कार्रवाई की थी।

तालिबान की सख्त चेतावनी

अफगानिस्तान की ओर से भी कड़ा रुख अपनाया गया है। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा है कि अफगानिस्तान अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए हर हमले का जवाब देगा। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि किसी भी आक्रामक कदम का करारा जवाब दिया जाएगा। दोनों देशों की सेनाओं ने सीमा पर कई चौकियों पर कब्जा करने का दावा किया है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर अब इस बढ़ते तनाव पर टिकी है, क्योंकि यह टकराव क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button