भोपालमध्य प्रदेश

होली से पहले थमेंगे बसों के पहिए, 2 मार्च को प्रदेशव्यापी हड़ताल

होली से पहले थमेंगे बसों के पहिए, 2 मार्च को प्रदेशव्यापी हड़ताल

– 55 जिलों में 20 हजार बसें रहेंगी बंद, नई परिवहन नीति के विरोध में बस ऑपरेटरों का फैसला

भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश में होली से ठीक दो दिन पहले आम यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। 2 मार्च को सुबह 6 बजे से प्रदेश के 55 जिलों में बसों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। मध्य प्रदेश बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के आह्वान पर होने वाली इस हड़ताल में करीब 20 हजार बसें शामिल होंगी।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार प्रदेश में 12,780 परमिटधारी बसें और 7 हजार से अधिक कॉन्ट्रैक्ट बसें संचालित हैं, जो हड़ताल में शामिल रहेंगी। बसों के पहिए थमने से सबसे अधिक असर उन यात्रियों पर पड़ेगा, जो होली का त्योहार मनाने अपने गृह नगर जाने की तैयारी में हैं।

नई परिवहन नीति का विरोध
बस संचालक राज्य सरकार की नई परिवहन नीति का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रस्तावित नीति के तहत सरकार पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर सात कंपनियों को बस संचालन के टेंडर सौंपने की तैयारी में है। ऑपरेटरों का आरोप है कि इससे छोटे और मध्यम बस संचालकों का व्यवसाय प्रभावित होगा और हजारों लोगों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो सकता है।
एसोसिएशन का कहना है कि नई व्यवस्था लागू होने से निजी बस मालिकों की भूमिका सीमित हो जाएगी और परिवहन क्षेत्र में एकाधिकार की स्थिति बन सकती है। उन्होंने सरकार से नीति पर पुनर्विचार करने और बस ऑपरेटरों से विस्तृत चर्चा करने की मांग की है।

यात्रियों के लिए चुनौती
होली के मद्देनजर बस स्टैंडों पर पहले से ही यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। ऐसे में 2 मार्च को बस सेवा ठप रहने से लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को वैकल्पिक साधनों की तलाश करनी पड़ेगी। रेलवे और निजी वाहनों पर दबाव बढ़ने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button