चाकूबाजों का आतंक: सिविल लाइन और कैंट में दो बड़ी वारदातें, बदमाशों ने युवकों को चाकुओं से गोदा

जबलपुर यश भारत। संस्कारधानी में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बदमाशों ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दिया है। पहली घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत मनोहर टी स्टॉल के पास हुई, जहाँ महज वाहन खड़ा करने जैसी मामूली बात पर विवाद इतना बढ़ा कि तीन अज्ञात बदमाशों ने अक्षय नामक युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अक्षय के साथियों, विकास और अन्य ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावर उसे लहूलुहान कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल अक्षय को गंभीर हालत में शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है,
वहीं, दूसरी वारदात कैंट थाना क्षेत्र में सामने आई, जहाँ अराजकता की सारी हदें पार हो गईं। यहाँ तीन युवकों द्वारा एक युवती के साथ सरेराह छेड़छाड़ की जा रही थी। जब युवती और उसकी बहन ने इस बदसलूकी का विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। अपनी बहनों को मुसीबत में देख जब भाई रोहित बीच-बचाव करने पहुँचा, तो बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने रोहित को बेरहमी से घसीटा और उसके पैर पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। लहूलुहान रोहित को इलाज के लिए जिला अस्पताल विक्टोरिया ले जाया गया है। इन दोनों घटनाओं ने शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।







