भोपालमध्य प्रदेश

पत्नी से खाने पर हुए मामूली विवाद के बाद लैब संचालक ने दी जान

पत्नी से खाने पर हुए मामूली विवाद के बाद लैब संचालक ने दी जान

घर के कमरे में लगाया फंदा; सुसाइड नोट न मिलने से गुत्थी उलझी

भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोलार थाना क्षेत्र में एक लैब संचालक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात मृतक का अपनी पत्नी से भोजन को लेकर मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
देर रात घर लौटे और कर लिया सुसाइड
पुलिस के अनुसार, गिरधर अपार्टमेंट (कोलार रोड) निवासी पुष्पेंद्र दोरे (40), जो शहर में एक निजी लैब संचालित करते थे, मंगलवार रात अपनी पत्नी से किसी बात पर नाराज हो गए थे। विवाद की वजह मर्जी का खाना न मिलना बताया जा रहा है। बहस के बाद पुष्पेंद्र गुस्से में घर से बाहर निकल गए थे। परिजनों को लगा कि वे टहलकर वापस आ जाएंगे, लेकिन उन्होंने देर रात घर लौटकर दूसरे कमरे में फांसी लगा ली।
सुबह सोकर उठी पत्नी ने देखा शव
घटना का खुलासा बुधवार तड़के हुआ, जब पुष्पेंद्र की पत्नी सोकर उठीं। पति को फंदे पर लटका देख उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आए पड़ोसियों ने तुरंत उन्हें नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। मृतक के दो छोटे बेटे हैं, जो स्कूल में पढ़ते हैं। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या केवल खाने का विवाद ही आत्महत्या की वजह थी या पुष्पेंद्र किसी अन्य मानसिक या आर्थिक तनाव से गुजर रहे थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button