मध्य प्रदेशराज्य

सनसनीखेज: गल्ला मंडी में विज्ञापन पोल पर लटका मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या , गुत्थी में उलझी पुलिस

Table of Contents

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ शहर के मोतीनगर थाना क्षेत्र के गल्ला मंडी इलाके में बीती रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 22 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध अवस्था में विज्ञापन पोल पर लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान हीरालाल पिता परमलाल अहिरवार (22 वर्ष), निवासी गडोली खुर्द के रूप में की गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीती रात करीब 10 बजे हीरालाल शराब के नशे में था और इलाके में काफी देर तक उपद्रव मचा रहा था। जानकारी के अनुसार, नशे की हालत में उसका गांव के ही कुछ लोगों के साथ विवाद भी हुआ था। इस घटनाक्रम के बाद हीरालाल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पास ही लगे विज्ञापन पोल पर लटका हुआ मिला। मामले में गंभीर मोड़ तब आया जब मृतक की माँ ने हत्या का अंदेशा जताया, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्काल एक संदेही को हिरासत में ले लिया है।

मोतीनगर थाना टीआई जसवंत सिंह राजपूत ने ‘यश भारत’ के संभागीय ब्यूरो को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतक शराब के नशे में उत्पात मचा रहा था। विवाद के बाद वह अपने घर गया और वहां से रस्सी लेकर आया, जिसके बाद उसने गल्ला मंडी के पास लगे विज्ञापन पोल पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वर्तमान में पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। टीआई ने स्पष्ट किया कि घटना से पूर्व जिन लोगों के साथ मृतक का विवाद हुआ था, उनकी भूमिका की जांच सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के माध्यम से की जा रही है। जांच के दौरान यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध मामला दर्ज कर सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button