मध्य प्रदेशराज्य

वैवाहिक कलह से टूटा युवक: सल्फास खाकर दी जान देने की कोशिश , सुसाइड नोट में पत्नि पर लगाए गंभीर आरोप 

Table of Contents

यश भारत सतना, प्रतिनिधि। सतना जिले के कोटर नगर परिषद क्षेत्र में  उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने कथित रूप से सल्फास खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। युवक को गंभीर हालत में तत्काल परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।

युवक की पहचान शिवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, उसने घर में ही जहरीले पदार्थ का सेवन किया। हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत सतना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।

परिवारिक सूत्रों के मुताबिक शिवेंद्र की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। वह अपने माता-पिता, पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा था। बताया जाता है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। पत्नी की सोशल मीडिया पर अधिक सक्रियता को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।

 सुसाइड नोट में लगाए आरोप

घटना के बाद मिले एक पत्र में शिवेंद्र ने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्र में लिखा है कि उसकी पत्नी रोज उससे विवाद करती थी और दिनभर अपने साढ़ू पुष्पेंद्र सिंह एवं मायके पक्ष के लोगों से मोबाइल पर बातचीत करती रहती थी।

उसने यह भी आरोप लगाया कि उसकी पत्नी उसकी बात नहीं मानती थी तथा उसकी मां के साथ अभद्र व्यवहार करती थी। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

 पुलिस जांच में जुटी

मामले को लेकर कोटर थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी। तस्दीक के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 पहले भी परिवार में हो चुकी है आत्महत्या

स्थानीय लोगों के अनुसार पारिवारिक कलह के कारण पहले शिवेंद्र के पिता ने भी आत्महत्या कर ली थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे वह तनाव में रहता था।

 क्षेत्र में चर्चाओं का दौर

घटना के बाद पूरे कोटर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। युवक की हालत स्थिर होने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button