निकाह के बाद से नवविवाहिता को दहेज प्रताडऩा, बाइक की डिमांड कर घर से निकाला, पति और ससुराल पक्ष पर मामला दर्ज

जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र के अली नगर में रहने वाली एक नवविवाहिता को निकाह के बाद से दहेज लोभी प्रताडि़त करने लगे। बाइक की डिमांड पूरी न होने पर उसे घर से निकाल दिया। जिसके बाद अब पीडि़ता ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज के लिए मारपीट और प्रताडऩा की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता रेशमा बी (27) ने बताया कि उसका निकाह मई 2025 में जागृति नगर, अमखेरा गोहलपुर निवासी शहजाद खान के साथ हुआ था। शादी के समय मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार गृहस्थी का सामान दिया था। आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद ही पति शहजाद खान मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उनके साथ मारपीट करने लगा। रेशमा बी के अनुसार, उनके पति के अलावा सास सकीना बी, ससुर आजाद खान और देवर साजिद खान भी 2 लाख नकद और मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जाने लगा। उनके मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल पक्ष ने विवाद करते हुए मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। तब से पीडि़ता अपने मायके में ही रह रही है। पीडि़ता की लिखित शिकायत पर खितौला पुलिस ने आरोपी पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।






