पहली डिजिटल जनगणना : अधिकारियों का प्रशिक्षण कल से, 16 से 30 अपै्रल तक खुला रहेगा खुद से जानकारी भरने का विकल्प

कटनी, यशभारत। भारत की 16वीं जनगणना इस बार पूरी तरह डिजिटल होने जा रही है। जिले में जनगणना का कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार लोग खुद भी अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे। जनगणना के लिए शहर और ग्रामीण क्षेत्र के चार्ज अधिकारियों और अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण कल से शुरू होने जा रहा है। चार दिनों तक यानि 17, 18, 19 और 20 फरवरी तक अधिकारी-कर्मचारी जनगणना की बारीकियों से अवगत होंगे। प्रशासनिक स्तर पर भी जनगणना की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बताया जाता है कि 17 और 18 फरवरी को ग्रामीण क्षेत्र के चार्ज अधिकारियों और 19 और 20 फरवरी को शहरी क्षेत्र के चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। गौरतलब है कि अब तक जनगणना कागजों पर होती थी लेकिन इस बार जनगणना पूरी तरह मोबाइल ऐप के जरिए होगी। यदि आप चाहें तो स्व-गणना वेब पोर्टल पर जाकर खुद अपनी जानकारी फीड कर सकते हैं। पूरे काम की निगरानी एक विशेष पोर्टल के जरिए सीधे हेड क्वार्टर से की जाएगी।
सावधान रहें, सुरक्षा और गोपनीयता जरूरी
जनगणना के नाम पर कोई भी सरकारी कर्मचारी या अन्य दीगर व्यक्ति आपसे ओटीपी या बैंक खाते की जानकारी नहीं मांगेगा। ऐसे किसी भी झांसे में न आएं। और ना ही किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई लिंक पर क्लिक कर अपनी जानकारी साझा नहीं करना है। प्रशासन का कहना है कि जनगणना के दौरान आपकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। आपकी व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी। इसे न तो किसी के साथ साझा किया जाएगा और ना ही किसी कानूनी सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है।
इन तारीखों पर होगी गणना
आगामी 16 से 30 अपै्रल तक खुद से जानकारी भरने का विकल्प खुला रहेगा। इसके बाद 1 से 30 मई तक कर्मचारी घर-घर आकर मकानों की सूची तैयार करेंगे और नंबर डालेंगे। फरवरी 2027 में दूसरा चरण शुरू होगा। इस दौरान व्यक्तियों की गणना होगी, जिसमे उम्र, शिक्षा, धर्म और कामकाज की जानकारी ली जाएगी।
पूछे जाएंगे 33 सवाल
पहले चरण में मकान सूचीकरण में कर्मचारियों द्वारा 33 सवाल पूछे जाएंगे। दूसरे चरण में निजी जानकारी जैसे शिक्षा, भाषा, वैवाहिक स्थिति और आर्थिक गतिविधियों का विवरण लिया जाएगा।







