भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल: चेतक ब्रिज के पास फर्नीचर गोदाम में भीषण आग

भोपाल: चेतक ब्रिज के पास फर्नीचर गोदाम में भीषण आग

भोपाल, यश भारत। राजधानी भोपाल के चेतक ब्रिज के पास स्थित एक फर्नीचर गोदाम में आज दोपहर भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही मिनटों में उसने आसपास की दुकानों और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, लाखों का माल स्वाहा

शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। गोदाम में भारी मात्रा में सूखी लकड़ी, फोम, रेक्सिन और फिनिश्ड फर्नीचर रखा था, जिसने ईंधन का काम किया और देखते ही देखते आग ने तांडव मचाना शुरू कर दिया। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, इस अग्निकांड में लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर खाक हो गया है।

दमकल की दर्जनों गाड़ियां मौके पर, ट्रैफिक ठप

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड और बीएचईएल (BHEL) से करीब 10 से अधिक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाला इलाका होने के कारण फायर फाइटर्स को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने चेतक ब्रिज पर आवाजाही रोक दी है, जिससे एमपी नगर और गोविंदपुरा की ओर जाने वाले रास्तों पर लंबा जाम लग गया है।

पुलिस और जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। गनीमत यह रही कि आग लगने के तुरंत बाद गोदाम में मौजूद कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल किसी जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन बचाव कार्य और आग बुझाने की प्रक्रिया अभी भी जारी है।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button