भोपालः 15 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान

भोपालः 15 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान
भोपाल, यशभारत। सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र की बंजारा बस्ती में शुक्रवार को एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका की पहचान काजल बंजारा (15) के रूप में हुई है। घटना के समय किशोरी घर पर अकेली थी और उसके माता-पिता काम पर गए हुए थे। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों पर सस्पेंस बना हुआ है।
छोटे भाई ने देखा बहन का शव
पुलिस के अनुसार, मृतिका के माता-पिता फेरी लगाकर प्लास्टिक का सामान बेचने का काम करते हैं। शुक्रवार सुबह भी वे रोज की तरह काम पर निकल गए थे। दोपहर बाद जब मृतिका के छोटे भाई ने कमरे में जाकर देखा, तो उसकी बहन दुपट्टे के फंदे से लटकी हुई थी। मासूम भाई ने तुरंत शोर मचाकर पड़ोसियों को इकट्ठा किया और फोन पर माता-पिता को घटना की जानकारी दी।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही सूखी सेवनिया थाने के एसआई यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतारा गया। पुलिस ने बताया कि किशोरी ने कक्षा 5वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। परिजनों से प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि हाल ही में उसे किसी बात पर डांटा भी नहीं गया था और न ही वह किसी तनाव में दिख रही थी।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। कमरे की तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु या सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का खुलासा हो सकेगा।







