सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ शहर के काकागंज के धर्मश्री क्षेत्र स्थित सरोज सागर मैरिज गार्डन के पास एक बारात की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बैंड बजा रहे एक नाबालिग को अचानक गोली लग गई। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतक की पहचान विवेक के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का इकलौता बेटा था।
बैंड की थाप पर चलता था घर का चूल्हा
विवेक केवल अपने माता-पिता की आंखों का तारा ही नहीं था, बल्कि वह बैंड बजाकर घर की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी हाथ बंटाया करता था। उसकी असमय मौत से गरीब परिवार गहरे सदमे में है और घर का इकलौता सहारा हमेशा के लिए छिन गया है।
गुस्साए लोगों ने किया चक्काजाम, थाने का घेराव
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए थाने के बाहर जबरदस्त प्रदर्शन किया। लोग इंसाफ की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए, जिससे आवागमन बाधित हुआ। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत और उचित कार्रवाई का भरोसा देकर स्थिति को शांत कराया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
सीएसपी ललित कश्यप ने पुष्टि की है कि नाबालिग की मृत्यु गोली लगने के कारण हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की पहचान भी कर ली गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
अंतिम संस्कार को लेकर पुलिस अलर्ट
शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद मृतक के अंतिम संस्कार के दौरान पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों द्वारा पुनः आक्रोश व्यक्त करने की आशंका बनी हुई है। इसी के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है ताकि कोई अप्रिय स्थिति निर्मित न हो।
Back to top button