जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

छत्तीसगढ़ में मौत का धमाका,वेदांता प्लांट में बॉयलर फटा, 10 मजदूरों की मौत, 30 से अधिक झुलसे

सीएम साय ने दिए जांच के आदेश 

छत्तीसगढ़ में मौत का धमाका,वेदांता प्लांट में बॉयलर फटा, 10 मजदूरों की मौत, 30 से अधिक झुलसे

छत्तीसगढ़, यश भारत। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया, जब प्लांट के भीतर अचानक बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ। इस हादसे ने देखते ही देखते पूरे परिसर को दहशत और अफरा-तफरी में बदल दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में अब तक 10 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। इनमें से 4 की मौके पर ही जान चली गई, जबकि 5 मजदूरों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
घायलों को तत्काल रायगढ़ के फोर्टिस अस्पताल सहित अन्य नजदीकी चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। करीब 18 घायलों का इलाज फोर्टिस अस्पताल में जारी है, जबकि अन्य को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि हादसा दोपहर करीब 2 बजे उस समय हुआ, जब बड़ी संख्या में मजदूर प्लांट के भीतर कार्यरत थे। अचानक हुए विस्फोट के बाद चारों ओर धुंआ फैल गया और जान बचाने के लिए कर्मचारी इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेराबंदी में लेकर स्थिति पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। कंपनी प्रबंधन ने भी जांच के आदेश दे दिए हैं।

सीएम साय ने दिए जांच के आदेश 

सीएम विष्णुदेव साय ने हादसे को लेकर दुख जताया, उन्होंने कहा कि ‘वेदांता पावर प्लांट’ में बॉयलर फटने से हुई भीषण दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। जिला प्रशासन मौके पर मौजूद है, राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है। घायलों के बेहतर उपचार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। घटना की गहन और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी, इसमें जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button